बारिश से नुकसान हुए गेहूं के फसल को देखने के लिए खेत गए थाना क्षेत्र के ग्राम अभयपुर माधोपुर निवासी 40 वर्षीय किसान सुखदेव सिंह की मंगलवार को खेत में शव मिला। परिवार वालों ने देर शाम उनका शव खेत में पड़ा देखा। उनका कहना है कि बर्बाद फसल के सदमे से उनकी मौत हुई है।
गांव अभयपुर माधोपुर निवासी निशान सिंह ने बताया कि उनके बड़े भाई सुखदेव सिंह की गांव से एक किमी दूर डेढ़ एकड़ जमीन है। जिस पर गेहूं की फसल खड़ी है। मंगलवार दोपहर सुखदेव खेत देखने गया था। सायं वह जब वापस नहीं लौटा तो परिवार वाले उसे ढूढ़ने पहुंचे। जहां खेत में उसका शव पड़ा मिला।
पत्नी हरजीत कौर के मुताबिक उनकी गेहूं की फसल बारिश के कारण काफी खराब हो चुकी है। परिवार वालों का कहना है कि खराब फसल को देख हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई है। परिवार वाले उनका शव ले देर शाम गांव आ गए। प्रधान ने इसकी सूचना तहसीलदार को देने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
बाद में परिवार वालों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। तहसीलदार दिग्विजय सिंह और चौकी इंचार्ज राजेश्वर यादव ने इस तरह की किसी भी घटना की जानकारी होने से इंकार किया है।