शहर के एक व्यापारी से प्राइवेट बीमा कंपनी ने धोखाधड़ी कर बीमा पॉलिसी के 2.25 लाख रुपये निकाल लिए। अपने साथ हुई इस धोखाधड़ी पर उन्होंने बीमा कंपनी के अधिकारियों की मिलीभगत बताते हुए सुनगढ़ी पुलिस को तहरीर दी है।
मोहल्ला सुनगढ़ी की मधुबन कॉलोनी निवासी अमित कुमार अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि 27 अगस्त को उनके फोन पर बीमा कंपनी से कॉल आई। फोन पर उन्हें बताया गया कि उनकी पॉलिसी का भुगतान 2.25 लाख रुपये उनके बैंक खाते में कर दिया गया है। पॉलिसी सरेंडर किया बिना ही भुगतान की सूचना वह हैरत में पड़ गए और बैंक जाकर खाता चेक किया तो उनमें कोई धनराशि नहीं आई थी। इसके बाद बीमा कंपनी के कार्यालय पहुंचकर पूछताछ की तो कोई भी अधिकारी कर्मचारी उन्हें सत्यायता नहीं बता रहा है। उनका आरोप है कि बीमा कंपनी के अधिकारियों ने फर्जी कागजों के माध्यम से उसके बीमा पॉलिसी की रकम निकाल ली है। अमित अग्रवाल ने सुनगढ़ी पुलिस से बीमा कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इस बाबत जानकारी करने पर सुनगढ़ी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज करा कार्रवाई की जा रही है।