मकान के मुख्य गेट में ताला डालकर पूरनपुर अपनी बहन के घर गए मझोला कसबे के वार्ड संख्या चार निवासी रंजीत सिंह के घर चोर मकान के पीछे की दीवार में लगी खिड़की उखाड़कर घुस गए और 35 हजार रुपये की नगदी समेत करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर बटोर ले गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर चौकी पुलिस को दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
वार्ड संख्या चार निवासी रंजीत सिंह ने बताया कि वह मंगलवार को पत्नी और बच्चों के साथ पूरनपुर में रह रही बहन के घर गए थे। बुधवार की शाम करीब सात बजे वापस लौट कर घर आए। मुख्य गेट का ताला खोलकर जब घर के अंदर घुसे और कमरा खोला तो देखा की सामान बिखरा पड़ा हुआ था। दीवार की खिड़की उखड़ी हुई थी। उन्होंने बताया कि चोरों अलमारी का ताला तोड़कर 35 हजार की नगदी, चार सोने की अंगूठी, सोने का हार, दो चांदी की पायल समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान बटोर ले गए। चोरी की जानकारी पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। गृहस्वामी की सूचना पर पहुंची मझोला चौकी पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। गृहस्वामी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। एसओ न्यूरिया दलवीर सिंह ने बताया कि तहरीर की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।