दहेज की मांग पूरी न होने पर गांव पौटाकलां निवासी मोहम्मद जुनैब ने अपनी 22 वर्षीय पत्नी सबीना की पिटाई कर दी। महिला का आरोप है कि पति व अन्य ससुराल वालों ने पिटाई करने के बाद उसे और उसके मासूम बेटे को बक्से में बंद कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर महिला को मेडिकल जांच के लिए सीएचसी भेजा है।
सबीना ने बताया कि दो वर्ष पहले उसका निकाह गांव के जुनैब के साथ हुआ था। शादी के बाद से पति व ससुराल के अन्य लोग दहेज में एक लाख रुपये की नगदी व बाइक की मांग करने लगे। मायके वालों ने आर्थिक स्थित ठीक न होने की बात कही। इससे नाराज होकर ससुराल वाले उसे मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे।
आरोप है कि रविवार की रात पति ने ससुराल के अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी पिटाई की और चार माह के बच्चे के साथ कुछ देर के लिए बक्से में भी बंद कर दिया। बाद में किसी तरह से भागकर वह सोमवार की सुबह गांव निवासी अपनी नानी के घर आई। नानी फरमूदन ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
एसओ सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की नानी की ओर से पति समेत छह लोगों के खिलाफ मारपीट करने और दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। महिला को मेडिकल जांच के लिए सीएचसी भेजा गया है।