कोतवाली सदर क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी निवासी डॉ. दीपांकर मंडल अपनी कार से न्यूरिया से घर लौट रहे थे। मोमिनगंज के पास अज्ञात बाइक सवारों ने उन्हें रोक कर मोबाइल और सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर उसे बुरी तरह पीटा। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर घायल का मेडिकल परीक्षण कराया है।
डॉ. दीपांकर मंडल ने बताया कि उनकी शहर और थाना न्यूरिया की न्यूरिया बंगाली कॉलोनी में निजी क्लीनिक है। रविवार की शाम करीब साढ़े छह बजे क्लीनिक से अपनी कार में घर लौट रहे थे। मोमिनगंज व दियूनी केशरपुर के बीच बाइक के साथ खड़े एक युवक ने उनकी कार को हाथ दिया।
उन्होंने कार की गति धीमी की तभी चार-पांच युवक सड़क किनारे से कार के सामने आ गए और उन्हें पकड़ लिया। उनकी पिटाई कर मोबाइल एवं चेन लूट ली और बाइक समेत भाग निकले।
बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने ठेका सिविल लाइंस चौकी पहुंचकर घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सीओ सिटी कौशलेंद्र सिंह, शहर कोतवाल अतुल प्रधान चौकी इंचार्ज राकेश सिंह के साथ पीड़ित को लेकर घटना स्थल के आसपास बदमाशों की तलाश की, लेकिन वह हाथ नहीं लगे।
शहर कोतवाल अतुल प्रधान ने बताया कि डॉक्टर की तहरीर पर लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। डॉक्टर का मेडिकल कराया गया है। सीओ सिटी कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है।