दिव्यानंद आश्रम में तीन महीने पहले पड़ी डकैती का सुनगढ़ी पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस का दावा है कि शाहजहांपुर के गैंग ने दिव्यानंद आश्रम पर डकैती और बीसलपुर के मोहल्ला ग्यासपुर में एक घर में चोरी की थी। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के कब्जे से बीसलपुर से चोरी किया मोबाइल, आश्रम से लूटे गए जेवरातों में पायल व एक चाकू बरामद होने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी बदमाश का चालान कर दिया।
मालूम हो कि 11 जून की रात बदमाशों ने पूरनपुर हाइवे पर स्थित दिव्यानंद आश्रम में धावा बोलकर कर्मचारी कृष्णबिहारी को परिवार सहित व सेवादार श्यामबिहारी को बंधक बना लिया और उनकी पिटाई कर 30 हजार की नगदी समेत एक लाख के जेवरात लूट ले गए थे। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने शनिवार की तड़के मुखबिर की सूचना पर शाहजहांपुर जिले के थाना व कसबा मीरानपुर कटरा के मोहल्ला नादर शाह निवासी मुकीम को माधोटांडा रोड पर रेलवे क्रासिंग के निकट गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास एक चाकू और मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस ने जब उससे कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया। बकौल प्रभारी निरीक्षक, पकड़े गए आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने दिव्यानंद आश्रम पर अपने गांव के ही मुन्ना, विक्की और राजू के साथ दिव्यानंद आश्रम में डकैती डाली थी। इसके बाद वह लोग वापस लौट गए थे। उसके बाद 17 जुलाई को आकर मोहल्ला ग्यासपुर निवासी मोहम्मद अकरम के घर से नगदी, जेवर समेत करीब 50 हजार रुपये की चोरी की थी। पुलिस ने उसके पास बरामद मोबाइल की जब जांच की तो वह मोहल्ला ग्यासपुर निवासी मोहम्मद अकरम का निकला। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर आश्रम से लूटी गई एक जोड़ी चांदी की पायल बरामद की है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी का चालान भेज दिया। पुलिस प्रकाश में आए आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है।