पुरुषों द्वारा महिलाओं के उत्पीड़न के किस्से तो अक्सर सुनने में आते हैं लेकिन यहां तलाकशुदा पत्नी द्वारा पति और उसके परिवार का उत्पीड़न किया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत एसपी से की है।
अमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मझलिया निवासी मोहम्मद यासीन ने एसपी को दिए पत्र में कहा है कि उसका एक मकान आवास विकास कॉलोनी में है जिसमें उसका पुत्र मोहसिन मलिक रहता है। उनके पुत्र को शहर की एक महिला ने अपने झांसे में लेकर जान पहचान कर ली और शादी न करने पर दुराचार के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इस पर उसने शादी कर ली लेकिन कुछ दिनों बाद ही उसने तलाक ले लिया जिसके बदले पांच लाख रुपये दिए गए थे। उनका आरोप है कि अब महिला पुन: उनके पुत्र को परेशान कर रही है और 10 लाख रुपये न देने पर पुत्र मोहसिन के साथ पूरे परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की चेतावनी दे रही है। महिला की धमकी से पूरा परिवार परेशान है। उनका आरोप है उत्पीड़न कर उसे आत्महत्या के लिए प्रेरित किया जा रहा है।