जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव से एक दिन पूर्व आधी रात को पुलिस ने आनन-फानन
में मेनका गांधी गुट के एक जिला पंचायत सदस्य व एक जिपं सदस्य के पति के
खिलाफ दलित एक्ट व हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
कर लिया है। इतना ही नहीं रिपोर्ट दर्ज करने के तुरंत बाद दोनों के घरों पर
पुलिस ने दबिश भी दी। बुधवार को सदस्यों के घरवालों ने एक प्रतिनिधि मंडल
के साथ डीएम से मिलकर शिकायत की है।
बरखेड़ा के ग्राम नगरा अब्दुल्ला
निवासी नन्हेलाल की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि मंगलवार शाम आठ
बजे वह चौराहे पर टैंपो से उतरकर गांव को जा रहा था। इस दौरान स्कार्पियो
गाड़ी से ग्राम करोड़ निवासी जिला पंचायत सदस्य ऋषिपाल और न्यूरिया के
ग्राम टाह निवासी जिला पंचायत सदस्य रूचि सागर के पति जगदीश पहुंचे। आरोप
है कि उसने दोनों से जिपं अध्यक्ष चुनाव में सपा प्रत्याशी आरती देवी के
पक्ष में वोट करने को कहा।
इससे दोनों नाराज हो गए व गालियां देते हुए
जाति सूचक अपशब्दों से अपमानित किया। आरोप है कि जगदीश के उकसाने पर ऋषिपाल
ने जान से मारने के नियत से तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस ने एसपी के आदेश
पर दोनों के खिलाफ धारा 307, 504, 506 व एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
कर लिया है।
इसके बाद रात को ही बरखेड़ा और न्यूरिया पुलिस ने दोनों जिला
पंचायत सदस्यों के घर पर दबिश दी। एसओ बरखेड़ा सुरेश कुमार सिंह ने बताया
कि नन्हेलाल की तहरीर पर एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
सपा के दबाव में काम कर रही पुलिस
पीलीभीत।
दो जिला पंचायत सदस्यों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर रात को
ही दबिश देने के मामले में बुधवार को केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के पीआरओ
रंजीत कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल डीएम से मिला। साथ ही प्रेस
वार्ता कर पुलिस पर सत्ता के दबाव में काम करने का आरोप लगाकर मामले की
जांच कराने की मांग की।
प्रतिनिधि मंडल के साथ पहुंची जिला पंचायत सदस्य
ऋषिपाल की पत्नी सावित्री देवी और जगदीश के भाई विजयपाल ने डीएम को दिए
पत्र में कहा है कि जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में सपा प्रत्याशी को वोट
देने से मना करने पर सत्ता के दबाव में दोनों के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज
कराया गया है।
उनके साथ जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह टोनी ने कहा कि
सपा उनके सदस्यों को लगातार धमका रही है ताकि गुरुवार को वह मतदान करने न
पहुंच सके। डीएम ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
डीएम से मिलने
के बाद देवेंद्र सिंह टोनी के आवास पर प्रेस वार्ता हुई। जहां दोनों जिला
पंचाय सदस्यों के घरवालों ने बताया कि रात करीब दो से तीन बजे के बाद उनके
घरों पर पुलिस ने दबिश दी और सत्ता पक्ष से मुकाबला करने का अंजाम भुगतने
की धमकी दी। इस मौके पर कई लोग थे।