दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव दियोहना में बृहस्पतिवार को सुबह शौच करने गए किशोर की तालाब में डूबकर मौत हो गई। इस घटना से घर में कोहराम मच गया है।
गांव दियोहना निवासी रामविलास ने बताया कि उनके 16 वर्षीय पुत्र सर्वेश कुमार को पिछले काफी समय से मिर्गी का दौरा पड़ रहा था। सर्वेश बृहस्पतिवार को सुबह गांव के बाहर स्थित तालाब के पास शौच करने गया था। उसी समय उसे दौरा पड़ गया और तालाब में डूबकर उसकी मौत हो गई।
उधर से गुजरे लोगों ने जब तालाब में उतरा रहे किशोर के शव को देखा, तब उन्होंने गांव में जाकर बताया। मौके पर जरा देर में काफी भीड़ जमा हो गई। रामविलास ने शव की शिनाख्त सर्वेश के रूप में की। शव आते ही घर में कोहराम मच गया। दोपहर बाद गमगीन वातावरण में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।