शादी के सात साल बाद ससुराल में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज में 50 हजार रुपये की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पति समेत पांच के खिलाफ तहरीर दी गई है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गौहनिया निवासी रहमत पुत्र नवी बख्श ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन यासमीन (25) की शादी सात साल पहले बरखेड़ा के पृथ्वीपुर गांव निवासी आशिक पुत्र अबरार से हुई थी। उसको तीन बच्चे भी हैं। आरोप है कि शादी के कुछ साल बाद से सुसराल वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। दो दिन पहले छोटा भांई चांद बाबू विवाहिता की ससुराल गया था। बुधवार सुबह चांद बाबू ताजिए देखने के लिए बाहर निकल गया। सुबह करीब आठ बजे वापस आया तो यासमीन का शव बाहर पड़ा था। ससुराल वाले गायब थे। मृतका के बड़े भाई रहमत ने 50 हजार रुपये की मांग पूरी न करने पर विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। एसओ ओमहरि बाजपेई ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट मिलने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।