बकाया मजदूरी मांगने गए गांव सिकराना निवासी 45 वर्षीय राजेश मिश्र की कुछ लोगों ने हत्या कर दी, फिर उसके शव को उसके घर पहुंचा आए। इस मामले में पोल्ट्री फार्म स्वामी समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज किए बिना शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हो गई है।
गांव सिकराना निवासी राजेश मिश्र की पुत्री रोशनी ने बताया कि उसके पिता उसी गांव के झनकार के बाजारघाट स्थित पोल्ट्री फार्म पर 4500 रुपये प्रति माह पर चूजों की देखभाल व उन्हें दाना आदि देने का काम करते थे। शनिवार को रक्षाबंधन था। इस पर उसकी मां कमला देवी ननिहाल बंडा थाना के गांव रायटांडा अपने भाइयों को राखी बांधने गई थी। उसकी चचेरी बुआ शिल्पी और संध्या पर्व को लेकर उसके घर आई थीं। उनसे राखी बंधवाने पिता शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे पोल्ट्री फार्म से गांव आए थे। राखी बंधवाने के बाद पिता बुआ लोगों को नेग देने के लिए रुपये लेने की बात कहकर शनिवार शाम चार बजे पोल्ट्री फार्म गए थे।
शनिवार देर रात गांव निवासी झनकार सिंह अपने एक अन्य साथी के साथ उसके पिता के शव को बाइक पर लाद कर घर लाया व चारपाई पर लिटा दिया। दोनों ने उसे बताया कि उसके पिता को अधिक नशा हो गया है। इसलिए वह कुछ देर उन्हें बुलाने का प्रयास न करें। पर उसे रहा न गया। उनके घर से कदम बाहर निकालते ही जब उसने आवाज लगाई तो पिता नहीं बोले, हिलाया तो वह मृत थे। उसके रोने चीखने की आवाज सुन उसके ताऊ रामविलास भी घर पहुंच गए। उन्होंने घटना की सूचना रात को ही बलरामपुर पुलिस चौकी व मृतक की पत्नी को दी। आरोप है कि सूचना के कई घंटे बाद तक पुलिस गांव नहीं पहुंची। उसकी पत्नी भी देर रात गांव पहुंच गई। रात में ही कुछ लोग झनकार को तलाशने घर पहुंचे लेकिन वह न तो घर मिला न ही पोल्ट्री फार्म पर। पत्नी ने बताया कि सुबह पुलिस के पहुंचने पर उसने इसकी लिखित सूचना चौकी इंचार्ज को देते हुए झनकार समेत तीन लोगों पर बकाया मजदूरी के तकादे पर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पत्नी ने बताया कि उसके पति के पीठ व पैर में चोट के भी निशान थे।
राजेश की संदिग्ध परिस्थिति में मौत की सूचना पर वह फोर्स के साथ गांव गए थे। मृतक की पत्नी की ओर से उन्हें कोई तहरीर अभी नहीं मिली है। संदिग्ध परिस्थिति में मौत की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। उसके आने पर उसी के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
भोला सिंह, बलरामपुर चौकी इंचार्ज