बिलसंडा के जमुनिया ताल्लुके ईंटगांव में खेत में मिला था शव
जमुनिया ताल्लुके ईंटगांव निवासी बुजुर्ग महिला सुदामा देवी की हत्या उसकी पुत्रवधू ने की थी। खेत पर आने की बात पर दोनों के बीच मारपीट हुई। इसी में उसकी मौत हो गई। जिसके बाद शव को गन्ने के खेत में छिपाकर आरोपी पुत्रवधू निकल गई। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर दिया है। बिलसंडा थाना क्षेत्र के जमुनिया ताल्लुके ईंटगांव निवासी 60 वर्षीय सुदामा देवी दस जुलाई को अपने खेत पर गई थी। 24 घंटे लापता रहने के बाद उनका शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। बेटे सेवाराम के ससुरालियों से चल रहे जमीन के विवाद में हत्या का आरोप लगाते हुए मृतका की बेटी राजेश्वरी देवी ने चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना के बाद से पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। इस बीच एएसपी रोहित मिश्रा, सीओ अनुराग दर्शन ने ग्रामीणों और परिवारीजनों से बातचीत की। जिसमें बताया गया कि सुदामा देवी के बेटे सेवाराम की शादी गांव के ही काशीराम की पुत्री सीमा से हुई थी। दोनों के बीच संबंध बिगड़े और दहेज का मुकदमा सीमा ने डाल दिया, जोकि विचाराधीन है। इसके बाद से 15 बीघा जमीन को लेकर दोनों परिवारों में विवाद चल रहा है। पुलिस ने नामजद किए गए काशीराम के परिवारीजनों को पकड़ने के लिए दबिश दी। इस दौरान मायके में रह रही मृतका की पुत्रवधू सीमा पुलिस के हत्थे चढ़ गई। पुलिस ने उसको थाने लाकर पूछताछ शुरू की। जिसमें पहले तो वह पुलिस को गुमराह करती रही। बाद में सख्ती से पूछने पर उसने गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार सुदामा देवी की हत्या सीमा ने की थी। दस जुलाई की शाम सीमा अपने पति सेवाराम के हिस्से के खेत को देखने गई थी। इस बीच सुदामा देवी भी मौके पर आ गई। खेत पर आने की बात को लेकर दोनों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान सुदामा देवी के गिरने के बाद सीमा ने उसके ऊपर लात-घूसों से कई वार किए। गला दबाकर मारने की भी कोशिश की। लगातार किए गए वारों के दौरान बुजुर्ग सुदामा देवी की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी पुत्रवधू ने शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया और चुपचाप घर चली गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी पुत्रवधू का चालान किया है।