अवैध बूचड़खाना पकड़ा 45 क्विंटल मांस बरामद
- फोटो : अवैध बूचड़खाना पकड़ा 45 क्विंटल मांस बरामद
कोतवाली पुलिस ने शहर के मोहल्ला शहवाजपुर तकिया में छापामारी कर घर में चल रहा अवैध बूचड़खाना पकड़ लिया। यहां हालात देखकर पुलिस पार्टी भी दंग रह गई। मौके से पुलिस ने करीब 45 क्विंटल मांस बरामद किया। इसके अलावा यहां आठ कटे हुए और पांच जीवित पशु भी मिले। पशु काटने के औजार और इलेक्ट्रानिक तराजू के साथ पुलिस ने यहां से पशुओं की 35 खाल भी कब्जे में ली हैं।
इंस्पेक्टर कोतवाली भरत कुमार गौतम को मुखबिर से सूचना मिली कि मोहल्ला शहवाजपुर तकिया में बड़े पैमाने पर पशुओं का वध कर मांस सप्लाई की जा रही है। उन्होंने फोर्स के साथ मौके पर छापेमारी की। यहां शब्बीर हुसैन के घर में पशुओं का वध किया जा रहा था। पुलिस ने शब्बीर पुत्र विलायत हुसैन, मोहशिन पुत्र शब्बीर हुसैन और मुस्लिम पुत्र इकबाल को मौके से दबोच लिया। मौका पाकर मांस तस्कर लल्ला कुरैशी और टिल्लू यहां से भाग निकले। बरामद करीब 45 क्विंटल मांस और पशुओं को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस की छापामारी के दौरान मोहल्ले में हड़कंप मच गया। -------
बूचड़खाने में असलहे भी रखते थे मांस तस्कर
बदायूं। मोहल्ला शहवाजपुर तकिया में बूचड़खाना चलाने वालों के पास से पुलिस ने दो तमंचे और एक पौनिया भी बरामद की है। गैंगवार की आशंका के चलते ही यह मांस तस्कर बूचड़खाने में असलहा रखा करते थे। पहले भी कुछ घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
यह पुलिस की बड़ी और अच्छी कार्रवाई है। अवैध बूचड़खाने किसी दशा में नहीं चलने दिए जाएंगे। मौके से फरार हुए मांस तस्करों को भी जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश कोतवाली पुलिस को दिए गए हैं।
-कमल किशोर, एसपी सिटी