फरीदपुर के मोहल्ला केसरिया निवासी राजेश अग्रवाल का 22 वर्षीय बेटा शक्ति अग्रवाल अपने छोटे भाई अमित अग्रवाल और कुछ अन्य दोस्तों के साथ रविवार को टाइगर रिजर्व घूमने आया था। यहां वे चूका स्पाट में कुछ देर घूमने के बाद दोपहर करीब 12 बजे सभी पास स्थित शारदा सागर डैम में नहाने लगे। साथ गए लोगों के अनुसार शक्ति अग्रवाल गहरे पानी में पहुंचने से डूब गया।
साथियों ने ढूंढने का प्रयास किया और न मिलने पर चूका स्पाट पर तैनात वनकर्मियों को सूचना दी। इस बीच महोफ रेंजर केपी सिंह भी गोताखोरों को लेकर पहुंच गए। उधर, एसएसबी की नगरिया कट चौकी को भी सूचना दी गई, जिस पर जवान पहुंच गए। गोताखोरों ने करीब तीन घंटे बाद शव को बरामद किया। जानकारी होने पर पहुुंची पुलिस ने शव कब्जे ले लिया और घरवालों को सूचना दी।
फरीदपुर से आए घरवालों ने पहले पोस्टमार्टम न कराने की बात कहते रहे। बताते हैं इसी दौरान घरवाले पुलिस को चकमा देकर शव लेकर बरेली चल गए। एसओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि घरवाले डॉक्टर से मौत की पुष्टि कराने के लिए अस्पताल चलने की बात कह रहे थे लेकिन वह बिना बताए शव लेकर चले गए।
पहले भी डूब चूका है बरेली का सैलानी
माधोटांडा। चूका स्पाट के किनारे शादरा सागर स्थित डैम में इससे पूर्व करीब दो साल पहले बरेली से घूमने आए एक पर्यटक की डूबने से मौत हो चुकी है।
चूका स्पाट के किनारे शारदा डैम में नहाने के लिए सभी से मना किया जाता है। इसकी चेतावनी भी यहां लिखी हुई है। इसके बाद भी पर्यटक नहीं मानते। सूचना मिलते ही तलाश शुरू कराई गई थी।
- केपी सिंह वनक्षेत्राधिकारी महोफ