बरेली हाइवे पर शाहजी धर्मकांटे के पास हुआ हादसा
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
बरेली हाइवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने सब्जी लेकर पैदल घर लौट रही महिला को कुचल दिया। इसमें महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। राहगीरों से सूचना मिलने पर पहुंची सुनगढ़ी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर से सटे नौगवां पकड़िया गांव निवासी अलीसेन विकलांग है। उनकी 55 वर्षीय पत्नी मिस्कीन बेगम मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करती है। 17 वर्षीय बेटा हसन भी कामकाज कर परिवार को आर्थिक मदद करने की कोशिश करता है। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे मिस्कीन बेगम बरेली हाइवे पर लगी दुकानों से सब्जी खरीदने गई थी। सब्जी खरीदकर वापस घर जाते वक्त शाहजी धर्मकांटे के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को कुचल दिया। इसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह देख चालक घबराकर ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जुट गई। परिवार वाले और गांव के लोग मौके पर आ गए। हादसे की सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची। एकत्र भीड़ से हादसे की जानकारी जुटाई गई। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि ट्रक कब्जे में लिया गया है। मृतक महिला के घर वालों से तहरीर मांगी गई है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।