एक गांव में छेड़छाड़ को लेकर उपजी रंजिश में गांव के ही फतेहचंद ने अपने चार-पांच साथियों के साथ खेत में धान की गहाई कर रहे गांव निवासी बादाम सिंह उर्फ पप्पू और उसकी गर्भवती पत्नी आरती देवी की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने महिला को अपने घर ले जाक भी पीटा। बुजुर्ग सास जब बचाने पहुंची तो उसे मारापीटा। जिससे तीनों घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दंपति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव निवासी बादाम सिंह उर्फ पप्पू ने बताया कि पड़ोसी फतेहचंद के परिवार के एक सदस्य ने करीब ढाई महीने पहले उसके परिवार की एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ की थी। बाद में गांव वालों ने पंचायत कर मामले को निपटा दिया था। पंचायत में हुई बदनामी के कारण फतेहचंद रंजिश मान रहा था। बुधवार को वह अपनी गर्भवती पत्नी शांती देवी के साथ गांव के पड़ोस स्थित खेत में धान की गहाई कर रहा था। इसी बीच फतेहचंद चार-पांच अन्य लोगों के साथ खेत में पहुंच गया और उसकी व पत्नी की लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद हमलावर उसकी पत्नी को अपने घर उठा ले गए। जहां उसको जमकर मारापीटा। बुजर्ग सास शांती देवी जब बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बक्शा और उनको भी पीटा। हमलावरों की पिटाई से तीनों घायल हो गए। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दंपति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि घायल ने फतेहचंद को नामजद कर चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।