चलती ट्रेन में एक उच्चके ने महिला का कुंडल नोच लिया। शोर शराबे पर यात्रियों ने आरोपी को पकड़कर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।
क्षेत्र के गांव कल्यानपुर निवासी सत्यपाल की पत्नी तेजरानी अपने दस वर्षीय पुत्र रविंद्र के साथ ससुराल आने के लिए भोजीपुरा से इज्जतनगर-मैलानी ट्रेन पर सवार हुई थी। साथ में उसका देवर राजाराम भी था। बकौल तेजरानी: शाही रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद जैसे ही आगे बढ़कर कुछ स्पीड पकड़ पाई कि अचानक गेट पर खड़े एक उच्चके ने उसके बांयी ओर के कान में झपट्टा मार कुंडल नोंच लिया। इस पर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया।
इस बीच किसी यात्री ने ट्रेन की चेन भी खींच दी। उसका देवर व अन्य यात्री ट्रेन के रुकते हुए आरोपी के पीछे दौड़ पड़े। कुछ दूरी पर जाकर यात्रियों ने आरोपी को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी को जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। थानाध्यक्ष जीआरपी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी दिनेश बदायूं, थाना मूसाझाग के गांव सैजनी का रहने वाला है। वह महिला यात्री का कुंडल नोंचकर भाग रहा था। आरोपी के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज उसका चालान किया गया है।