बागपत से स्थानांतरित होकर आए एसपी जितेंद्र कुमार शाही ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता जिले में अपराध नियंत्रण व आपसी सौहार्द बनाए रखने की होगी। बाद में पुलिस लाइंस में हुए परिचय सम्मेलन में थानेदारों व सीओ से रूबरू हुए।
गुरुवार की देर शाम पहुंचे नवागत एसपी ने कार्यभार ग्रहण किया। शुक्रवार को वह पत्रकारों से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति बेहतर हो, यह उनकी पहली प्राथमिकता में शामिल है। जिले में लंबित विवेचनाओं पर नाराजगी जताई और बोले, छोटे से जनपद में 90 से अधिक विवेचनाएं लंबित होना बड़ी बात है। उनका विवेचनाएं समय से निपटाने पर खासा जोर रहेगा।
उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न, पशु तस्करी और बंद मकानों में चोरी की घटनाओं का ग्राफ जिले में काफी अधिक है। पशु तस्करी से आपसी सौहार्द बिगड़ता है। इस पर अंकुश लगाने के लिए कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई होगी। राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार पाने वाले पीपीएस 1982 बैच से भर्ती हुए एसपी 2002 में आईपीएस संवर्ग में शामिल हुए। वर्ष 1996 में बतौर सीओ रह चुके हैं। इसके अलावा एसपी सिटी गाजियाबाद, लखनऊ में भी रहे।
पुलिस दफ्तरों का किया निरीक्षण
शुक्रवार को पुलिस लाइंस पहुंचे एसपी जितेंद्र कुमार शाही ने एएसपी, सीओ जहॉनाबाद, सीओ पुलिस लाइंस, डीसीआरबी आदि कार्यालयों और दफ्तरों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौजूद कर्मचारियों का परिचय लेकर अभिलेखों का रखरखाव भी देखा।