प्रधान पद चुनाव के बाद से चली आ रही रंजिश को लेकर सुकटिया गांव में दो सगे भाइयों में जमकर संघर्ष हुआ। एकत्र लोगों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडे बरसाए, फायरिंग कर दहशत भी फैलाई गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल गांव पहुंचा और सख्ती से मामला शांत कराया।
थाना क्षेत्र के सुकटिया गांव निवासी सगे भाई आफाक अहमद और खतीब अहमद के बीच प्रधान पद चुनाव के बाद से रंजिश चल रही है। बताते है कि अलग अलग प्रत्याशी को चुनाव लड़ाए जाने पर विवाद की स्थिति बन गई थी। इसको लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है। बुधवार को पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्ष दुबारा भिड़ गए। गाली गलौज से शुरू हुए विवाद में दोनों ओर से लोग इकठ्ठा हुए, जिसके बाद एक दूसरे पर हमला कर दिया। लाठी डंडे से मारपीट की गई। इस दौरान हवाई फायरिंग कर दहशत भी फैलाई गई। दोनों पक्षों के बीच हो रहे संघर्ष की सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर एसओ रेहान खां भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए। यहां दोनों के बीच मारपीट हो रही थी।
पुलिस ने शांत कराने की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्ष झगड़ते रहे। जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को शंात कराया। घटना के दौरान आफाक अहमद, खतीब अहमद और उसके बेटे ताबिश को चोटें आई है। जिनको मेडिकल के लिए सीएचसी भेजा गया है। एसओ रेहान खां ने बताया कि दोनों ओर से करीब आधा दर्जन लोग हिरासत में लिए गए है। घायलों का मेडिकल कराया गया है। दोनों पक्षों से तहरीर मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जुआ खेलते चार दबोचे, केस दर्ज
पीलीभीत। कोतवाली पुलिस के एसआई अनिल कुमार ने मुखबिर की सूचना पर साईराम कालोनी में दबिश दी। जिसमें कालोनी के ही शेरा, राकेश, मुकेश धर्मेंद्र को जुआ खेलते पकड़ा। इनके पास से ताश की गड्डी और तीन सौ रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।