गणतंत्र दिवस पर आतंकी खतरे की खुफिया सूचना पर जिले के उन स्थानों पर तो कड़ी चौकसी देखने को मिली जहां एसएसबी तैनात है, लेकिन पुलिस महकमे की गंभीरता सिर्फ थाने के आसपास और शहर के रेलवे, बस स्टेशन और होटलों आदि में ही दिखाई दी। यही वजह रही कि राष्ट्रीय पर्व की पूर्व संध्या पर इंडो नेपाल सीमा पर एसएसबी ने आने-जाने वाले लोगों की तलाशी ली और सीमा पर गस्त भी की, लेकिन उत्तराखंड और नेपाल सीमा पर पुलिस सतर्क नहीं दिखी। लगाए गए बैरियरों पर वाहन बेरोकटोक दौड़ते नजर आए। शहर में सुनगढ़ी पुलिस ने जरूर रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टेशन, होटल और ढाबों की रेंडम चेकिंग कर लोगों के पहचान पत्र आदि देखे।
खुफिया एजेंसियों ने आशंका जताई थी कि आतंकी नेपाल के रास्ते भारत में घुसपैठ कर गणतंत्र दिवस पर बड़ा हमला कर सकते हैं। खुफिया रिपोर्टों के बाद पुलिस महानिदेशक ने नेपाल से सटे पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच समेत कई जिलों में सतर्कता बढ़ाने के आदेश दिए थे। एसपी अनिल कुमार सिंह ने उत्तराखंड व नेपाल सीमा पर विशेष चौकसी बरतने व बैरियर लगा कर वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश रविवार की देर शाम जारी किए थे, लेकिन इन निर्देशों का नेपाल व उत्तराखंड की सीमा पर असर नहीं दिखा। पुलिस ने बैरियर भी नहीं लगाए। हजारा पुलिस ने रामनगर तिराहे पर दो और चार पहिया वाहनों की चेकिंग कर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ली।
उत्तराखंड बार्डर से बड़े, छोटे वाहनों का बेरोकटोक आवागमन पूरे दिन जारी रहा। यह बात अलग है कि हजारा के कंबोजनगर क्षेत्र में एसएसबी के जवान चप्पे-चप्पे पर पेट्रोलिंग करते और तलाशी लेते हुए दिखे। शहर में सीओ सिटी यशवीर सिंह, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी अतुल प्रधान ने डॉग स्क्वायड के साथ रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डा खंगाला। ट्रेनों के डिब्बों व प्लेटफार्म पर संदिग्ध लोगों की तलाशी ली और सामान खंगाला। इसके अलावा छतरी चौराहा सहित कई स्थानों पर वाहनों की चेकिंग की। होटलों में ठहरे लोगों की आईडी चेक की गईं।
उधर, एसएसबी 26 वीं बटालियन मुख्यालय ललौरीखेड़ा के कमांडेंट जेपी राना ने नेपाल बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सीमा की नाकेबंदी की गई है। इसके अलावा जवानों की लगातार पेट्रोलिंग कराई जा रही है। हर आने-जाने वालों पर कड़ी नजर है। वह खुद सीमा पर मूवमेंट कर रहे हैं।