अज्ञात लोगों ने जिला अस्पताल कैंपस में स्थित ब्लड बैंक के मेन दरवाजे पर लगे शीशे पर पत्थर मारकर तोड़ दिया। खाना खाने के बाद लैब टेक्नीशियन ब्लड बैंक पहुंचे तो शीशा टूटा देखकर हैरान रहे गए। उन्होंने इसकी सूचना सीएमएस को दी। सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज दुर्गा सिंह और शहर कोतवाल मौके पर पहुंच गए। चौकी इंचार्ज ने डॉक्टरों को ही सुरक्षा करने की नसीहत दे डाली।
ब्लड बैंक के लैब टेक्नीशियन दिग्विजय सिंह आर्या ने बताया कि वह और सीनियर लैब टेक्नीशियन नायब रसूल शुक्रवार की रात करीब 9.15 बजे ब्लड बैंक बंद करके खाना खाने चले गए। इसी बीच किसी शरारती तत्व ने मुख्य गेट पर लगे दरवाजे के शीशे पर पथराव कर दिया, जिससे शीशा टूट गया। वह जब खाना खाने के बाद रात करीब 10 बजे ब्लड बैंक पहुंचे तो देखा शीशा टूटा पड़ा था। उन्होंने इसकी सूचना सीएमएस डॉ. आरसी शर्मा को दी। सीएमएस की सूचना पर शहर कोतवाल संग्राम सिंह और सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज दुर्गा सिंह मौके पर पहुंचे। चौकी इंचार्ज ने वहां मौजूद स्टॉफ को खुद ब्लड बैंक की सुरक्षा करने को कहा। शहर कोतवाल संग्राम सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर उन्हें नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। जबकि लैब टेक्नीशियन ने तहरीर देने का दावा किया है।