सर्राफ अनिल अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस ने नामजद किए गए पांच आरोपियों
में से एक और आरोपी थाना हजारा के ग्राम सिद्धनगर निवासी सर्वजीत सिंह उर्फ
बिल्लू को गिरफ्तार कर चालान भेजा है। पुलिस ने उसके पास से हत्या में
प्रयुक्त तमंचा, एक खाली और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का भी दावा किया
है। दो आरोपी अभी भी पुलिस पकड़ से दूर हैं।
नगर के मोहल्ला चौक में 11
नवंबर को सर्राफ व्यापारी अनिल अग्रवाल की सशस्त्र बदमाशों ने लूट में असफल
होने पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। तीस दिसंबर को पुलिस ने सेहरामऊ
उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव बागर के पूर्व प्रधान राजेंद्र सिंह उर्फ
रज्जू को घटना का साजिशकर्ता बताते हुए गिरफ्तार किया था। उसके बयान के
आधार पर पुलिस ने सर्वजीत सिंह बिल्लू, भजन सिंह और उसके भाई जागीर सिंह और
लखीमपुर खीरी के शातिर बदमाश बग्गा सिंह को हत्यारोपी बनाया था।
एसएसआई
अमर सिंह ने बताया कि हत्यारोपी गांव सिद्धनगर के छोटा टिब्बा निवासी
सर्वजीत उर्फ बिल्लू को शनिवार को नगर के शेरपुर तिराहा के समीप से
गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त किया गया तमंचा,
खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि
बिल्लू का रविवार को कोर्ट के लिए चालान किया जाएगा। इंस्पेक्टर धर्मपाल
सिंह ने बताया कि हत्यारोपी भजन सिंह को चार मार्च को गिरफ्तार कर चालान
भेजा जा चुका है जबकि उसका भाई जागीर सिंह और लखीमपुर खीरी के सिंघाई फार्म
निवासी बग्गा सिंह अभी फरार हैं। शीघ्र ही दोनों को गिरफ्तार कर चालान
किया जाएगा।
0000
फरार हत्यारोपियोें के खिलाफ रिपोर्ट
इंस्पेक्टर
धर्मपाल सिंह ने बताया कि कोर्ट का नोटिस चस्पा होने के बाद भी हत्यारोपी
सर्वजीत सिंह, जागरी सिंह, बग्गा सिंह एक माह बाद भी कोर्ट में हाजिर नहीं
हुए। लिहाजा तीनों के खिलाफ 25 मार्च को रिपोर्ट दर्ज की गई थी।