बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े पॉश कालोनी में रिश्तेदार के घर से लौट रही महिला का पर्स उड़ा लिया। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। इसकी सूचना मिलने पर पवन मोबाइल पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई, जबकि थाना पुलिस घटना से अनभिज्ञ बनी रही।
मोहल्ला साहूकारा निवासी साधना बाजपेई पत्नी स्वर्गीय दीपक बाजपेई रविवार को देवर बल्लभ नगर कालोनी निवासी रवि के घर आईं थीं। दोपहर करीब ढाई बजे महिला घर जाने के लिए पैदल निकली। कालोनी स्थित मंदिर के कुछ आगे पहुंचते ही बाइक सवार एक युवक पीछे से आया और झपट्टा मारकर महिला का पर्स उड़ा ले गया। पर्स में मोबाइल फोन और दो हजार रुपये थे। महिला के शोर मचाने पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी भाग निकला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पवन मोबाइल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी कर पीड़ित से तहरीर लेकर कार्रवाई का आश्वासन देकर लौट गई। इधर थाना पुलिस वारदात से अनभिज्ञता जताती रही। एसएसआई सुनगढ़ी चंद्र प्रकाश शुक्ला ने बताया कि पर्स लूट की कोई सूचना उनको नहीं दी गई है। अगर कोई तहरीर मिलती है, तो कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।