छटीकरा स्थित मां वैष्णो देवी मंदिर के निकट शनिवार रात एक युवक का नग्नावस्था में शव मिला। पुलिस ने रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ कपड़े दुकान के बाहर पड़े थे।
मृतक की शनाख्त रविवार सुबह प्रेमपाल यादव (25) पुत्र रक्षपाल यादव निवासी गांव पोरा थाना सिकंदाराऊ जिला हाथरस के रूप में हुई। युवक छटीकरा में अपनी बुआ मीना यादव के घर रह कर वैष्णो देवी मंदिर पर चाय की दुकान चलाता था। बीती रात प्रेमपाल दुकान बंद कर घर नहीं लौटे तो बुआ ने सोचा की दुकान पर ही सो गए होंगे। सुबह जब परिवारीजन दुकान पर आए तो दुकान खुली मिली। दुकान में खेरीज बिखरी पड़ी थी।
शराब की बोतल और नमकीन के पैकेट दुकान के पीछे पड़े मिले। प्रेमपाल लापता था। एसआई रामकेश ने बताया कि युवक का शव सड़क के दूसरी ओर मिला। उसका सिर कुचला हुआ था। इससे प्रतीत होता है कि उसका किसी वाहन से एक्सीडेंट हो गया हो। पुलिस ने रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवारीजनों ने सुबह शनाख्त की। हत्या की आशंका जताई है। मृतक के भाई अनिल यादव ने बताया कि एक माह पहले प्रेमपाल यहां आया था। गांव में चल रही रंजिश के चलते उसे यहां भेजा था। उसे चाय की दुकान खुलवा दी थी।