बेवजह घर में घुसकर
सिपाहियों द्वारा तीन युवकों की बर्बरता पूर्वक की गई पिटाई से रानी कॉलोनी
व जोशी कॉलोनी के लोग भड़क उठे। गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव कर
प्रदर्शन किया और थाने के अंदर धरने पर बैठ गए। एसओ द्वारा दोषी पुलिस
कर्मियों के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देने पर लोग शांत हुए
और धरना समाप्त किया।
सोमवार की शाम चार सिपाही मारपीट के आरोपी रानी
कॉलोनी निवासी तारक मंडल, जगबंधू और जोशी कॉलोनी निवासी सुरेश को पकड़ने गए
थे। कॉलोनी वासियों का आरोप है कि सिपाहियों ने तीनों आरोपियों को पहले घर
में घुसकर पीटा। बाद में उनकी गांव में भी सार्वजनिक रूप से बर्बरता
पूर्वक पिटाई की।
उसके बाद उन्हें थाने लाकर हवालात में बंद कर दिया और
थाने पर भी जमकर मारापीटा। बरखेड़ा सपा विधायक हेमराज वर्मा के हस्तक्षेप
पर मंगलवार की सुबह पुलिस ने तीनों को छोड़ दिया। पुलिस की पिटाई से तारक
मंडल के कपड़े आदि भी फट गए। जिससे लोग भड़क उठे। सैकड़ों की संख्या में
पुरुष और महिलाएं थाने पहुंचे और घेराव कर प्रदर्शन किया। पुलिस के खिलाफ
जमकर नारेबाजी की और धरने पर बैठ गए।
इस दौरान एसओ विनय कुमार सरोज व
प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। करीब तीन घंटे तक चले
धरना-प्रदर्शन के बाद एसओ ने मामले की जांच के बाद आरोपी सिपाहियों पर
कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर लोग शांत हुए और धरना-प्रदर्शन समाप्त
किया।
विधायक ने न्याय दिलाने का दिलाया भरोसा
मझोला की
ओर जा रहे बरखेड़ा विधायक हेमराज वर्मा, नरेंद्र मिश्रा कट्टर आदि
न्यूरिया बस अड्डे पर लोगों की भीड़ जुटी देख रुक गए और वहां मौजूद कॉलोनी
वालों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने कॉलोनीवासियों को बताया कि वह इस
मामले को लेकर एसपी से वार्ता करेंगे और उन्हें न्याय दिलाएंगे।
00
रानी
कॉलोनी निवासी तीनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट की तहरीर मिली थी। जिस पर
आरोपियों को सिपाही पकड़कर थाने लाए थे। आरोपियों के साथ कोई मारपीट नहीं
की गई। फिर भी वह आरोपों की जांच खुद करेंगे। आरोप सही मिलने पर दोषी
सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसपी को रिपोर्ट देंगे।
विनय कुमार सरोज, एसओ
00
सीओ बोले, नहीं हुआ घेराव
अपनी
करनी को छुपाने में पुलिस कितना माहिर है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा
सकता है। कि पुलिस द्वारा की गई बर्बरतापूर्वक पिटाई के विरोध में सैकड़ों
ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर थाने का घेराव किया और धरने पर भी बैठे, लेकिन
जब सीओ निर्मल कुमार से इस बाबत पूछा गया तो उनका कहना था कि कोई घेराव,
प्रदर्शन नहीं हुआ।