बरखेड़ा और बीसलपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को बदमाश चार घरों में धावा
बोलकर नकदी और जेवरों सहित करीब 11 लाख का माल उड़ा ले गए। बरखेड़ा के
ज्योरहा कल्यानपुर गांव में बंद मकान का ताला तोड़कर छह लाख का माल चोरी कर
लिया।
बीसलपुर में चीनी मिल कॉलोनी के दो आवासों में चोरी और गांव
अहिरवाडा के एक घर में लूटपाट की गई। गृहस्वामी के विरोध करने पर एक बदमाश
ने हमला कर घायल कर दिया। बाद में घर वालों ने बदमाश का तमंचा छीन लिया।
बंद घर के ताले तोड़कर छह लाख का माल उड़ाया
बरखेड़ा।
थाना क्षेत्र के ग्राम ज्योरहा कल्यानपुर निवासी भरतवीर गंगवार बुधवार रात
पत्नी समेत पीलीभीत में रहकर पढ़ रहे अपने बच्चों के पास आए थे। रात को घर
के एक भाग में उनके पिता झम्मनलाल और मां जामवती सो रही थीं। रात में चोर
घर का मुख्य दरवाजा कूदकर अंदर घुस गए।
छत पर बने भरतवीर के कमरों में जाने
के लिए जीने और ऊपर लगे चैनल का ताला तोड़ा गया। इसके बाद दोनों कमरों का
ताला तोड़कर अलमारी में रखे 52 हजार रुपये नकद व साढ़े पांच लाख के जेवर
निकाल लिए। माल समेटने के बाद चोर नीचे लगी सीएफएल तोड़कर फरार हो गए।
रात
में करीब ढाई बजे भरतवीर के पिता झम्मनलाल लघुशंका को उठे तो घर में अंधेरा
और जीने का ताला टूटा देखकर सन्न रह गए। उन्होंने रात में ही इसकी सूचना
भरतवीर को दी। वह उसी समय गांव पहुंच गए। उनकी सूचना पर बृहस्पतिवार सुबह
पांच बजे एसओ मौके पर पहुंचे।
सुबह को सीओ बीसलपुर, व डॉग स्क्वाइड टीम ने
मौका मुआयना किया। भरतवीर की ओर से पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली
है। एसओ सुरेश कुमार सिंह ने बताया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द
खुलासे की कोशिश की जाएगी।
चीनी मिल कॉलोनी के दो घरों से पांच की चोरी
बीसलपुर।
चीनी मिल कॉलोनी निवासी ड्राइवर कुंज बिहारी लाल पांच दिन पूर्व परिवार
समेत बिहार के जिला सीवान स्थित अपने घर गए थे। उनके घर में घुसे चोर कमरे
और सेफ का ताला तोड़कर उसमें रखे 60 हजार रुपये नकद, 50 हजार के किसान
विकास पत्र और तीन लाख के जेवर ले गए।
\
इस घटना की जानकारी बृहस्पतिवार की
सुबह हुई जब कुंज बिहारी अपने घर लौटे। चीनी मिल परिसर में ही रहने वाले
ड्राइवर अर्जुन सिंह बुधवार को पूरनपुर चुनाव ड्यूटी में चले गए थे, जो रात
को नहीं लौटे। उनके घर के मेन गेट का ताला तोड़कर चोर पांच हजार रुपये व
जेवर समेत लगभग एक लाख का माल ले गए। दोनों घटनाओं की तहरीर कोतवाली में दे
दी गई है।
बीसलपुर। गांव अहिरवाड़ा निवासी ओमप्रकाश
मिश्रा बुधवार को परिवार समेत अपने घर में सोये थे। रात करीब 9.30 बजे तीन
नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर उनके घर में घुसे। बदमाशों ने ओमप्रकाश के आंगन
में रखी सिंचाई की पाइप लाइन उठाई।
खटपट की आवाज सुनकर कमरे में मौजूद घर
के लोग आंगन में पहुुंच गए और चोरों को देखकर शोर मचा दिया। तभी एक बदमाश
ने ओमप्रकाश के सिर पर तमंचे की बट से प्रहार कर दिया, जिससे वह घायल हो
गए। इस दौरान ओमप्रकाश ने चोर से 315 बोर का तमंचा छीन लिया। खतरा भांपकर
चोर पाइप लाइन लेकर भाग गए।
ओमप्रकाश ने बृहस्पतिवार को गांव के ही दो
लोगों को नामजद समेत तीन के खिलाफ तहरीर दी है। बदमाश से छीना गया तमंचा
पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। दरोगा रामनाथ यादव ने बताया कि तहरीर
मिल गई है। मामले जांच की जा रही है।
घर वालों के जागने पर भागे चोर
बिलसंडा।
थाना क्षेत्र के गांव करेली निवासी प्रदीप कुमार के घर बुधवार की रात
11.30 बजे छत पर कुछ लोगों की आहट सुनाई दी। इस पर घर वाले जाग गए। शोर
मचाने पर चोर छत से कूदकर भाग गए।
\
प्रदीप की सूचना पर बृहस्पतिवार सुबह को
चौकी इंचार्ज हरद्वारीलाल ने मौका मुआयना किया। घटना की तहरीर पुलिस को दे
दी गई है। एक अन्य घटना में गांव बमरौली में मेला देखने आए ग्रामीण
जितेंद्र सिंह की बाइक चोरी हो गई है।