घर में घुसकर मजदूर की पत्नी से दुराचार करने के मामले में देर रात सुनगढ़ी पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने पहले तो आददतन मामले को संदिग्ध करार दिया लेकिन जब पीड़ित पक्ष के लोगों ने थाने में हंगामा किया तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के एक गांव की महिला ने गुरुवार शाम पुलिस को दी तहरीर में कहा था कि गुरुवार को उसके पति गांव में ही मजदूरी करने गए थे। घर पर वह बच्चों के साथ थी। इसी दौरान छोटा गुड्डू दीवार फांदकर घर में घुस आया। वह तमंचा दिखाकर महिला को कमरे खींच ले गया और फिर दुराचार किया। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध करार देकर टालने की कोशिश की। इसी दौरान पीड़ित पक्ष की ओर से तमाम लोग थाने पहुंच गए और हंगामा करने लगे। आरोपी के समर्थन में भी कई लोग आ धमके। इससे दोनों पक्षों में टकराव की स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी छोटा गुड्डू के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसएसआई मनोज त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी छोटा गुड्डू के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।