बुधवार की रात असम हाइवे पर एक स्कार्पियो शहर में घुसने की कोशिश की। इस पर शहर कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी की तो चालक ने एचसीपी शिवरतन सिंह की बाइक में टक्कर मार कर भागने लगा। जब पूरी तरह घिर गया तो गाड़ी बरेली गेट पर छोड़कर भाग गया। वहीं पुलिस की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने स्कार्पियों से चार पशु बेहोशी की हालत में बरामद किए। पशुओं के इलाज के बाद देवीपुरा गौशाला भेज दिया गया है।
बुधवार की आधी रात को किसी ने जिला नियंत्रण कक्ष (डीसीआरबी) को सूचना दी कि चार पहिया दो वाहनों में कुछ लोग प्रतिबंधित पशु भरकर बरेली की ओर जा रहे हैं। डीसीआरबी की सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस ने देवहा पुल पर चेकिंग शुरू कर दी। आसाम पुलिस चौकी क्रास कर देवहा पुल के निकट पहुंची एक स्कार्पियों के चालक ने पुलिस देखकर वाहन ईदगाह रेलवे क्रासिंग की ओर तेज रफ्तार में दौड़ा दी।
वाहन के शहर में घुसने की सूचना पर कोतवाली के दरोगा वीके शर्मा, एचसीपी शिवरतन सिंह और पवन मोबाइल ने स्कार्पियों का पीछा किया। तब चालक बरेली गेट पर लगे बैरियर को तोड़ते हुए सामने से आ रहे एचसीपी शिवरतन सिंह ने रोकने की कोशिश की तो बाइक में टक्कर मार दी। बाइक में टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित स्कार्पियो चबूतरे से टकरा गई। इस पर चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। वहीं बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने स्कार्पियो में बेहोशी की हालत में लदे चार प्रतिबंधित पशु बरामद किए हैं। शहर कोतवाल अतुल प्रधान ने बताया कि वाहन को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।