अमरिया और न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव में आग की घटनाओं से हजारों का सामान जलकर नष्ट हो गया। अमरिया क्षेत्र में शार्ट सर्किट से आग लगाना बताया जा रहा है जबकि न्यूरिया क्षेत्र के गांव में लगी आग के कारणों का पता नहीं चल सका है।
अमरिया। थाना क्षेत्र के गांव पिंजरा बमनपुरी निवासी जमीर अहमद रविवार की रात परिवार के साथ सो रहे थे। सुबह करीब पांच बजे वह नमाज अदा करने मस्जिद चले गए जबकि बाकी लोग सोते रहे। इस बीच शार्ट सर्किट से घर में आग लग गई। आग की लपटें तेज होने पर घरवाले उठे लेकिन तब तक बाहर पड़ा छप्पर तेज आग पकड़ चुका था। शोर शराबा होने पर पहुंचे मोहल्ले वालों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस आग में फ्रिज, कूलर, गेहूं चावल, कपड़े सहित हजारों का सामान जलकर नष्ट हो गया।
न्यूरिया। थाना क्षेत्र के शिवपुरिया निवासी झम्मनलाल ने बताया कि रविवार की रात वह परिवार के साथ सो रहा था। आधी रात के समय उसके छप्पर में अचानक आग लग गई। इसकी भनक लगने पर वह किसी तरह परिवार को लेकर घर से बाहर आया और शोर मचाया। शोर शराबा होने पर गांव के लोग एकत्र हो गए। लोगों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। इस आग से घरेलू सामान, बर्तन, कपड़े आदि जलकर नष्ट हो गए।