चकरनगर थाना क्षेत्र के गांव चांदई गांव के पास बस से उतरते समय चालक के
अचानक बस चला देने से एक प्रशिक्षु टीचर बस की चपेट में आ गया। इस हादसे
में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने शव रख कर जाम लगा
दिया। लोगों का कहना था कि जब तक मृतक के परिजन नहीं आ जाते तब तक शव नहीं
उठने देंगे। परिजनों के आने के बाद
लोगों ने जाम खोला। इस दौरान दो घंटे
से अधिक समय यातायात बाधित रहा। औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के
गांव नल्हूपुर निवासी विनोद कुमार (30) पुत्र रामसनेही का हाल ही में
प्रशिक्षु टीचर के रूप में चयन हुआ था। उसकी तैनाती सहसों के प्राइमरी
विद्यालय में हुई थी। वह गांव चांदई में अनंतराम के मकान में किराए का कमरा
लेकर रह रहा था। गुरुवार को वह
स्कूल की छुट्टी कर लौट रहा था। जब वह बस
से उतर रहा था तभी अचानक चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया। इससे वह बस के नीचे आ
गया। बस के पिछले पहिये के नीचे आ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक बस को लेकर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने
गांव के पास जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर
पहुंची और
जाम खुलवाने का प्रयास किया। लोगों ने कहा कि जब तक मृतक के परिजन नहीं
आते तब तक जाम नहीं खुलेगा। इस पर लोगों को समझा बुझाकर पुलिस ने शव को
किनारे रखवा दिया। बाद में मृतक के परिजनों के आने पर जाम खुल सका। पुलिस
ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।