राहगीर की सूचना पर जागे ग्रामीणों ने एकजुट होकर बुझाई आग
बढ़ेपुरा गांव में बुधवार देर रात हादसे से मचा हड़कंप
बिजली के तारों से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। हाइवे से सटे खेत को जलता देख एक राहगीर ने गांव के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद एकजुट होकर ग्रामीणों ने आग पर काबू किया। हादसे में करीब दो एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जल गई।
थाना क्षेत्र के ग्राम बढ़ेपुरा के रहने वाले मोहम्मद तारिक और आरिफ सगे भाई है। सितारगंज नेशनल हाइवे से सटे उनके चार एकड़ खेत में गेहूं की फसल खड़ी है। बुधवार देर रात करीब दो बजे खेत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। तेज हवाओं के चलते आग ने कुछ ही देर में भीषण रुप ले लिया। इस बीच हाइवे से ट्रैक्टर-ट्राली लेकर निकल रहे एक व्यक्ति ने गांव के गुरबख्श सिंह को सूचना दी। शोर मचाकर गांव के लोगों को इकट्ठा किया गया। इसके बाद पीड़ित ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई। पीड़ित ने बताया हादसे में करीब दो एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल का नुकसान हुआ है।