संविदा स्वास्थ्य कर्मी से छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार किया गया आरोपी संदिग्ध परिस्थितियों में घायल हो गया, जिसके बाद जमकर बवाल हुआ है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा दीवार पर खुद सिर मारने की बात कह रही है। वहीं घायल आरोपी ने थाने के भीतर आकर पीड़ित महिला के भाई पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
बता दें कि दो दिन पहले बरखेड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि पिछले एक महीने से उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से एक मनचला युवक फोन कर परेशान कर रहा है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आईडी निकलवाई, जिसमें मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने वाला गांव का ही कुलदीप नामक युवक निकला। शुक्रवार को पुलिस आरोपी को पकड़कर बरखेड़ा थाने ले आई। दोपहर करीब बारह बजे संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़े गए आरोपी का सिर फूट गया। शोहदे ने आरोप लगाया कि शिकायत करने वाली महिला के भाई ने पुलिस मौजूदगी में उसको एक कमरे में ले जाकर पीटा है, जिसमें वह घायल हो गया है। उधर, पुलिस मामले में आरोपी द्वारा खुद दीवार में सिर मारकर घायल करने की बात कह रही है। आरोपी के घायल होने का पता लगते ही दोनों पक्षों के लोग थाने में जुट गए और एक दूसरे पर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद आरोप प्रत्यारोप के बीच पुलिस पसीना पसीना दिखाई दी।
आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और आईटीएक्ट का मुकदमा दर्ज है। पूछताछ के दौरान उसने अपना सिर दीवार में मार दिया। इसमें उसे चोट आई, जिसका इलाज करा दिया गया है। पुलिस परिसर में पिटवाने का आरोप गलत है।
- मनोज सागर, कार्यवाहक एसओ बरखेड़ा
मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। सीओ बीसलपुर को मौके पर भेजकर जानकारी की जायेगी। अगर पुलिस की मौजूदगी में पिटाई कराई गई है, तो जांचकर कार्रवाई होगी।
- अनिल कुमार सिंह, एसपी