बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग पर पिकअप और ट्रैक्टर ट्रॉली में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिक अप सवार महिलाओं व बच्चों समेत 12 लोग घायल हो गए। सभी घायल परिवार सहित कश्मीर मजदूरी करने जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी भिजवाया। जहां से डॉक्टर ने हालत खराब होने पर दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसा बजाज हिंदुस्थान चीनी मिल के पास मंगलवार की देर शाम करीब आठ बजे हुआ। कोतवाली बीसलपुर के गांव विचपुरी से निवासी पिकअप चालक दीनदयाल अपने मालिक पप्पू के साथ गांव के कुछ मजदूरों को परिवार समेत लेकर कश्मीर जा रहा था। पीलीभीत मार्ग पर स्थित चीनी मिल के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली और पिकअप में टक्कर हो गई।
हादसे में पिकअप सवार विचपुरी निवासी 28 वर्षीय नन्हेलाल, उसकी पत्नी 27 वर्षीय रामबेटी, छह वर्षीय पुत्री नीरू, आठ माह की सितारा, शाहजहांपुर जिले के गांव खतौवा निवासी अचित, उसकी मां कांती देवी, बहन शीतल, पिकअप चालक विचपुरी निवासी दीनदयाल व उसका मालिक पप्पू समेत 12 लोग घायल हो गए। हादसे पर चीख पुकार मच गई।
तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी भिजवाया। जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर पिकअप चालक दीनदयाल और उसके मालिक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली मौके पर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में ली है।