खेलते वक्त पुलिया में गिरा किशोर, मौत
पीलीभीत। देवहा नदी के उफान पर आने के बाद नाकूड़ गांव में बढ़ा पुलिया का जलस्तर किशोर की मौत का सबब बन गया। खेलते वक्त किशोर पैर फिसलने के बाद पुलिया में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। साथ आए बच्चों के शोर मचाने पर जमा हुए ग्रामीणों ने किशोर के शव को बाहर निकाला। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के नाकूड़ गांव निवासी संतोष कुमार खेती करते हैं। मंगलवार दोपहर उनका 14 वर्षीय पुत्र अंकित गांव की सीमेंट वाली पुलिया पर खेलने गया था। उसके साथ गांव के चार अन्य बच्चे भी थे। पुलिया का पानी देवहा नदी के उफान पर आने के कारण काफी बढ़ चुका है। खेलते वक्त अचानक पैर फिसलने से अंकित पुलिया के नीचे पानी में जा गिरा। यह देखकर साथ आए अन्य बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई। इसके बाद बमुश्किल किशोर का शव बाहर निकाला जा सका। मृतक दो भाइयों में बड़ा और प्राइवेट स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था।