गुलड़िया (बदायूं)। मूसाझाग थाना क्षेत्र के कस्बा गुलड़िया में शुक्रवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
लगभग 19 वर्षीय युवक योगेंद्र कुमार पुत्र हरपाल कस्बे में वार्ड संख्या तीन निवासी था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उसका बड़ा भाई रूपेंद्र अपनी पत्नी-बच्चों के साथ काशीपुर रहता है। योगेंद्र घर पर अकेला रहता था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। उसके बाद मोहल्ले के लोग उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। कस्बे में चर्चा है कि युवक ने रात किसी के साथ शराब पी थी। उसके बाद जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसके बाद किसी ने पुलिस को सूचना दे दी, जिस पर पुलिस रात में ही कस्बा पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के चाचा जगदीश ने बताया कि योगेंद्र तीन साल का था तभी उसकी मां की मौत हो गई थी। उन्होंने ही उसे पाला था। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों ने उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया।