दिल्ली से मजदूरी कर वापस लौट रहा उत्तराखंड के थाना खटीमा के गांव चारूबेटा निवासी 25 वर्षीय शाबिर जहरखुरान का शिकार हो गया। गिरोह के बदमाश उसके आठ हजार रुपये, मोबाइल व कपड़ों से भरा बैग लूट ले गए। पीड़ित को शनिवार की देर शाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोतवाली खटीमा के गांव चारूबेटा निवासी शाकिर ने बताया कि उनका पुत्र शाबिर दिल्ली में मजदूरी करता है। शनिवार को वह रोडवेज बस से घर वापस लौट रहा था। रास्ते में जहरखुरान का शिकार हो गया। बस चालक ने उसे रोडवेज बस स्टेंड के पास उतार दिया। जहां से एंबुलेंस 108 ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि जहरखुरान गिरोह के सदस्य पुत्र के पास से आठ हजार रूपये, मोबाइल व कपड़ों से भरा बैग लूट ले गए। सूचना पर पहुंचे घर वाले रविवार को उसे लेकर खटीमा चले गए।