पीलीभीत। अवैध खनन में सीओ द्वारा पकड़े गए दोनों डनलप को थाना जहानाबाद लाते वक्त भीड़ ने पुलिस को घेर लिया। कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिस से झड़प शुरू कर दी। भीड़ के आक्रोश को देख मौजूद पुलिसकर्मी डनलप छोड़ मौके से भाग निकले। खास बात रही कि पुलिस टीम को घेरने की घटना का पता लगने पर थाना पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाए महकमे की साख बचाने के लिए मामले को छिपाना शुरू कर दिया और कोई कार्रवाई नहीं की। घटना पूरे दिन क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
सीओ सदर योगेंद्र कुमार ने जहानाबाद थाना क्षेत्र के बारातबोझ गांव के पास अवैध खनन के आरोप में दो डनलप पकड़े। इसकी सूचना थाना पुलिस को दी गई। इस पर दरोगा संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपियों पर कार्रवाई करने के निर्देश देकर सीओ ने दरोगा को पकड़े गए डनलप थाने ले जाने की बात कही। सीओ के जाते ही पुलिसकर्मी डनलप कब्जे में लेकर आगे बढ़े ही थे कि भीड़ ने पुलिस को घेर लिया। पुलिस के कब्जे में लिए गए डनलप भी छुड़ा लिए। भीड़ में शामिल लोग दरोगा से भिड़ने पर उतारू हो गए। कार्रवाई का विरोध करने वालों का आक्रोश देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी डनलप छोड़कर खिसक लिए।
थाने पर पहुंचकर इसकी जानकारी दी गई। इस पर कार्रवाई करने के बजाए थानाध्यक्ष जहानाबाद ने पूरे मामले को दबा साख बचाने की कोशिश शुरू कर दी और पूरे मामले को हजम कर गए। एसएचओ किरनपाल सिंह ने महकमे की साख बचाते हुए डनलप छोड़ने की बात कही, लेकिन उन पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई? इसका जवाब नहीं दे सके। इसके अलावा पुलिस से हुई अभद्रता के आरोपों से भी इंकार किया है। उधर अधिकारी पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई कराने की बात कहकर सख्ती के दावे कर रहे हैं।
---