न्यूरिया (पीलीभीत)।
जमीन विवाद में सहकारी समिति सचिव मोहम्मद सलीम ने युवक को लाठी से पीट कर घायल कर दिया। किसी तरह आरोपी ने भागकर खुद को बचाया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी सचिव को शांतिभंग की आशंका में चालान कर लिया। मारपीट के अन्य मामले में दंपति समेत तीन लोग घायल हो गए, उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के मोहल्ला मोहम्मद यार खां निवासी मोहम्मद अहमद और जमील अहमद के बीच जमीन का पुराना विवाद है। विवादित जमीन पर खेती करने का आदेश न्यायालय से मोहल्ले के ही उस्मान के पक्ष में हुआ है। इसी को लेकर रविवार को एक पक्ष से जमील अहमद के पुत्र सहकारी समिति सचिव मोहम्मद सलीम की उस्मान से कहासुनी हो गई। आरोप है कि जमीन पर खेती न करने का दबाव बनाया जाने लगा। ऐसा करने से मना करने पर सलीम ने लाठी से उस्मान को पीट कर घायल कर दिया। इसी बीच लोग जमा हो गए। सभी ने पिटाई का विरोध किया। भीड़ देख आरोपी ने जैसे तैस खुद को बचाया। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। जिस पर पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया। एसएचओ जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि आरोपी मोहम्मद सलीम को शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। उधर बरखेड़ा के ग्राम सेमरगौटिया में नाली निकास को लेकर खुशहाली राम, उनकी पत्नी नन्हीं देवी और बेटे बद्री प्रसाद की पिटाई कर दी गई। पुलिस ने आरोपी वेदराज और मोतीलाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया। इसके अलावा जहानाबाद थाना क्षेत्र नवादा श्यामपुर गांव में खेत पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। जमकर लाठी डंडे चले। जिसमें एक पक्ष से ख्यालीराम, रामबेटी, वीरमति और दूसरे पक्ष से खूबचंद घायल हो गए। ओमप्रकाश व सोमवती के मामूली चोटें आई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग जहानाबाद पुलिस से की है।