प्रधान की बेटी पर करीब से चलाई गई थी गोली, हो गई आर-पार
मेडिकल रिपोर्ट मिलने पर और उलझ गया गोलीकांड
बरेली के प्राइवेट अस्पताल में हुआ आपरेशन, छात्रा के स्वास्थ्य में सुधार
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। बीएससी की छात्रा सिमरन को गोली लगने का मामला मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद सुलझने के बजाय और उलझकर रह गया है। उसको लगी गोली आरपार होने के साथ ही नजदीक से फायर करने की बात निकलकर आ रही है। ऐसे में अब पीछे के खेत से गोली चलाने के कयास पूरी तरह से गलत साबित हो गए हैं। वहीं कहानी फिर से घर और करीबियों के इर्दगिर्द घूमने लगी है। 24 घंटे बीतने के बाद भी न तो परिवार की ओर से घटना की तहरीर दी गई है न ही पुलिस की जांच आगे बढ़ सकी है।
कोतवाली क्षेत्र के चंदोई गांव निवासी पूर्व प्रधान अनीस की बेटी सिमरन रहस्यमय तरीके से सोमवार दोपहर गोली लगने से घायल हो गई थी। बताया गया था कि वह फुफेरी बहन के साथ छत पर खड़ी हुई थी, इस बीच उसको कंधे के पास गोली लगी। गोली किसने, कहां से और क्यों मारी होगी ? इसको लेकर परिवारवाले कुछ भी नहीं बता सके थे। वहीं घटनास्थल पर भी पुलिस को खून का एक निशान तक नहीं मिल सका था। पड़ोसी परिवार के शोर सुनने की बात तो कहते रहे लेकिन गोली चलने की आवाज उन्होंने भी नहीं सुनी थी। जिला अस्पताल से हालत गंभीर होने पर सिमरन को बरेली रेफर कर दिया गया था। बरेली के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद सिमरन की हालत खतरे से बाहर है। गोली उसके आरपार हो गई थी। इस वजह से ऑपरेशन के दौरान भी शरीर से कोई गोली नहीं निकली है। परिवार की ओर से अनभिज्ञता जताने पर पुलिस क्लू तलाशने और घटना को स्पष्ट करने के लिए मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी। दूसरे दिन बुधवार को मेडिकल रिपोर्ट मिली तो पुलिस और उलझकर रह गई। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में छात्रा को गोली करीब से लगने की बात स्पष्ट हुई है। ऐसे में अगर वह बहन के साथ पर थी तो आसपास कोई मकान भी नहीं है। फिर गोली कहां से चलाई गई होगी। परिवार ने भी कोई तहरीर कार्रवाई कराने को नहीं दी है। इसको लेकर कोतवाली पुलिस सुराग जुटा रही है, जल्द स्थिति स्पष्ट की जाएगी।