बच्चे सहित जम्मू से लापता हुए दंपति का छह माह बाद भी सुराग नहीं
पांच जुलाई से लापता है पॉश बल्लभ नगर कॉलोनी का परिवार
पीलीभीत। जुलाई माह में मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद बच्चे सहित जम्मू कश्मीर से लापता हुए बल्ल्भ नगर कॉलोनी के दंपति का लंबे समय बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। पिता की ओर से जुलाई माह में दर्ज की गई गुमशुदगी की कार्रवाई दो राज्यों के बीच उलझकर रह गई है। पूरे मामले की विवेचना जम्मू पुलिस से कराने के लिए अफसरों की ओर से पत्राचार शुरू कर दिया गया है। एक बार फिर विवेचना के लिए आईजी को पत्र भेजा गया है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के पॉश बल्लभ नगर कॉलोनी निवासी सौरभ एक जुलाई को वैष्णो देवी के दर्शन करने गए थे। उनके साथ पत्नी छाया व दो साल का बेटा अंश भी था। पांच जुलाई को तीनों को वापस पीलीभीत आना था। चार जुलाई को माता के दर्शन करने के बाद जम्मू के नीलकंठ होटल में ठहरने पर सौरभ ने एक दिन बाद आने की बात परिवार वालों से फोन कर कही, इसके बाद से उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा है। दंपति व बच्चे का कोई सुराग नहीं लग सका। परिवार वालों से मिली तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की, जिसको अपहरण में तरमीम किया जा चुका है। छह माह का समय बीतने के बाद भी कोई प्रगति नहीं हो सकी। एक बार फिर मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया है। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि एक बार जम्मू जाकर सुनगढ़ी पुलिस छानबीन कर चुकी है, लेकिन कुछ नहीं मिल सका। पूरे प्रकरण की जांच जम्मू पुलिस से कराने के लिए कार्रवाई की मांग उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर की गई है। जिला स्तर पर भी सुरागरसी कराई जा रही है।