पीलीभीत। संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी गोपी कॉलोनी निवासी रेखा पत्नी गौतम ने इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतका के पिता ने दहेज की खातिर जिंदा जलाकर मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। जिसके आधार पर न्यूरिया पुलिस ने पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उत्तराखंड के रुद्रपुर क्षेत्र के ग्राम पिपलिया नंबर एक गदरपुर निवासी शरद विश्वास ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी रेखा की शादी न्यूरिया के जोशी कॉलोनी निवासी गौतम से दिसंबर 2014 में की थी। जिससे उसको एक आठ माह की बेटी दिव्यांशी है। आरोप है कि पिछले कई दिनों से ससुराल वाले बाइक की मांग कर रहे थे। इसको पूरा करने में असमर्थता जताने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। बृहस्पतिवार को रेखा संदिग्ध परिस्थितियों में ससुराल में झुलस गई। जिसकी इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर परिवारीजन मौके पर पहुंचे, लेकिन ससुरालिये फरार हो चुके थे। पिता ने दहेज की मांग पूरी न करने पर जिंदा जलाकर मारने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। एसएचओ जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पिता से मिली तहरीर पर पति गौतम, देवर उत्तम मंडल, रतन मंडल, ससुर गोविंद मंडल, सास पारूल मंडल के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।