पोस्टमार्टम के बाद भी अनसुलझी रह गई भाई-बहन की मौत
क्रासर...
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं, विसरा सुरक्षित
बिलसंडा के भदेनकंजा गांव में दूषित खिचड़ी खाने के बाद हुई थी मौत
अमर उजाला ब्यूरो
बिलसंडा/पीलीभीत। दूषित खिचड़ी खाने के चंद घंटों बाद भाई-बहन की मौत का मामला पोस्टमार्टम के बाद भी अनसुलझा रह गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। विसरा जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। ऐसे में दोनों की मौत के बाद से उठ रहे सवालों का कोई जवाब सामने नहीं आ सका है। वहीं गमगीन माहौल में दोनों के शवों का बृहस्पतिवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
बिलसंडा थाना क्षेत्र के भदेनकंजा गांव निवासी मजदूर रामदीन के घर मंगलवार रात खिचड़ी बनी थी। रामदीन, उसकी पत्नी फूलवती व पांच बच्चे खिचड़ी खाकर सोने चले गए थे। देर रात रामदीन की 18 वर्षीय बेटी हसमुखी, 11 वर्षीय मोनिका और छह वर्षीय पुत्र प्रशांत की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद पहले प्रशांत ने घर पर और फिर हसमुखी ने सीएचसी में दम तोड़ दिया था। जबकि मोनिका की हालत गंभीर हो गई थी। परिवार के सात लोगों के खिचड़ी खाने के बाद तीन की हालत बिगड़ने पर कई सवाल खड़े हो गए थे। हर कोई घटना को लेकर दंग रह गया था। मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा था। बृहस्पतिवार को जब रिपोर्ट सामने आई तो मामला अनसुलझा ही रह गया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष अभय कुमार पांडे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं की गई है। दोनों का विसरा जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। विसरा रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।