न्यूरिया (पीलीभीत)। प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले न्यूरिया के युवक की दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दिल्ली पुलिस से सूचना मिलने पर थाना पुलिस ने परिवारीजनों को जानकारी दी। जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और सभी दिल्ली रवाना हो गए है।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के राजा बंगाली कॉलोनी निवासी सोमनाथ शिवधर (34) पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र नाथ दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में सिविल इंजीनियर पद पर नौकरी करता था। वह दिल्ली में किराए के मकान में रहता था। उसकी पत्नी श्रीति अपने तीन साल के बेटे के साथ राजा बंगाली कॉलोनी में परिवारीजनों संग रहती है। सोमवार को सोमनाथ की दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अपनी ही फैक्ट्री के बाहर उसका शव पड़ा मिला। दिल्ली पुलिस ने न्यूरिया थाना पर सूचना दी। जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने परिवारीजनों को उसकी मौत के बारे में बताया। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद मां सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में मातम छा गया है। पूरी जानकारी करने के लिए परिवार के लोग दिल्ली रवाना हो गए हैं। मृतक तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई प्रवीन ने बताया कि वह करीब 14 साल से दिल्ली में नौकरी कर रहा था। इसी माह कुछ दिन को घर आया और दस दिन पहले ही यहां से वापस गया। रविवार शाम को उसने परिवारीजनों से फोन पर बातचीत भी की थी। सोमवार सुबह से उसका फोन कई बार लगाया, लेकिन वह स्विच ऑफ बताता रहा। एसएचओ न्यूरिया जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि मौत को लेकर पूरी जानकारी नहीं है। दिल्ली पुलिस से सूचना मिलने पर परिवारीजनों को बता दियागया है। उनको दिल्ली पुलिस का नंबर देकर बात करा दी गई है। अग्रिम कार्रवाई दिल्ली पुलिस द्वारा ही की जाएगी।