हाईवे पर ट्रक लूट का प्रयास, दो गिरफ्तार
ट्रक चालक की तरफ से रिपोर्ट दर्ज, आरोपी गए जेल
असम हाईवे पर सुनगढ़ी क्षेत्र में सड़ा पुल के पास हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। असम हाईवे पर सड़ा पुल के पास शनिवार सुबह तड़के एक बजे कार सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर ट्रक को रोक लिया। इसके बाद चालक व क्लीनर से मारपीट करते हुए ट्रक लूटने का प्रयास किया गया। आवाजाही बढ़ने पर आरोपी कार का शीशा तोड़कर भाग निकले। घटना की ट्रक चालक की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई। जिसके बाद सुनगढ़ी पुलिस ने रविवार सुबह दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के नौगवां पकड़िया गांव के रहने वाले ट्रक चालक मुजीब ने बताया कि वह 24 फरवरी की सुबह एक बजे लखीमपुर खीरी से खाली ट्रक लेकर पीलीभीत आ रहे थे। उनके साथ क्लीनर न्यूरिय के खनवापुर निवासी रफीक साथ थे। असम हाईवे पर सड़ा पुल के पास पहुंचते ही पीछे से आए जायलो कार सवार दो युवकों ने ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद डंडे से ट्रक का शीशा तोड़ दिया और झगड़ा फसाद करने लगे। इस बीच एक युवक ने ट्रक की चाबी छीन ली और उसको स्टार्ट कर लूटने का प्रयास किया। इस बीच हाईवे पर कई वाहन आते दिखाई दिए। जिससे आरोपी पकड़े जाने के डर से कार में सवार होकर भाग गए। कार नंबर के आधार पर नामजद तहरीर सुनगढ़ी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शनिवार सुबह अज्ञात के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज की। इसके बाद कार के नंबर के आधार पर रविवार को दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
एसएचओ मुहम्मद कासिम ने बताया कि ट्रक लूटने की कोशिश करने के आरोप में सुभाष नगर निवासी अजय शर्मा और उसके साथी अमृतसर (पंजाब) के रहने वाले अवतार सिंह को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। उनके पास से बरामद जायलो कार को सीज किया गया है। इसी तरह की एक घटना जहानाबाद क्षेत्र में बीते दिनों अंजाम दी गई थी। इस पर जहानाबाद पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। उधर दोनों आरोपियों ने ट्रक लूट प्रयास के आरोप को गलत बताया है। उनका कहना है कि ट्रक और कार की टक्कर लगने के बाद उनकी कहासुनी हुई थी। इसमें गलत आरोप लगाते हुए ट्रक चालक ने रिपोर्ट दर्ज करा दी।