02 पीबीटीपी 7,8
किसान के बंद मकान में दो लाख की चोरी
टनकपुर हाईवे से सटी अवध नगर कॉलोनी में चोरों ने दी दस्तक
कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना कर की इतिश्री, नहीं लिखी रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। टनकपुर हाईवे से सटी अवध नगर कॉलोनी में दस्तक देकर चोर सोमवार रात किसान चिरौंजीलाल वर्मा के बंद मकान के ताले तोड़कर दो लाख का नकदी, जेवरात समेट ले गए। इसकी सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना कर औपचारिकता निभाते हुए कर्तव्यों से इतिश्री कर ली। किसान से तहरीर मिलने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
अवध नगर कॉलोनी निवासी चिरौंजीलाल वर्मा 31 दिसंबर की सुबह अपने गाव वाहनपुर गए थे। उनकी पत्नी हेमवती मकान को ताला लगाकर अपने मायके सिंधौरा बिंदुआ गांव चली गई। इस बीच चोरों ने किसान के बंद मकान को निशाने पर लिया। मेनगेट पर लगे ग्रिल को काटकर चोर भीतर घुसे। इसके बाद दो कमरों के ताले तोड़कर सामान खंगाला। यहां से चोर बक्से में रखे 20 हजार रुपये, सोने की चेन, कुंडल, अंगूठी, बुंदे, दो जोड़ी चांदी की पायल समेत दो लाख रुपये का सामान समेट ले गए। मंगलवार सुबह आठ बजे पड़ोसियों से सूचना मिलने पर किसान घर पहुंचा। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इस पर कोतवाली और यूपी 100 पुलिस मौका मुआयना करने पहुुंची, लेकिन साक्ष्य जुटाने के नाम पर की गई कार्रवाई औपचारिक रही। एक तरफ पुलिस गंभीरता के दावे कर रही तो वहीं साक्ष्य जुटाने को न तो फील्ड यूनिट टीम बुलाई गई, न ही डॉग स्क्वाड मौके पर लाया गया। यही नहीं किसान से तहरीर लेकर पुलिस चलती बनी, मुकदमा दर्ज करने की जहमत नहीं उठाई।
000
जून माह में भी कॉलोनी में दस्तक दे चुके हैं चोर
अवध नगर कॉलोनी में चोरी की घटना के बाद से कॉलोनी के लोग खासा दहशत में है। छिटपुट चोरी की घटनाएं या फिर चोरों की आहट तो आए दिन कॉलोनी में रहती है। इससे पहले जूून माह में भी एक बड़ी वारदात चोरों ने अंजाम दी थी। 17 जून को कॉलोनी में दिनदहाड़े चोर असिस्टेंट ट्रेजरी ऑफिसर के बंद मकान से पांच लाख का सामान समेट ले गए थे, उसका आज तक खुलासा नहीं हो सका है।
000
इन घटनाओं का खुलासा भी है बाकी
- नकटादाना चौराहा के पास वनकर्मी धर्मेंद्र के मकान से तीन लाख की चोरी।
- 21 अक्तूबर को बरेली हाईवे पर ललौरीखेड़ा ब्लाक के पास सराफ की दुकान से 17 लाख की चोरी।
- 30 अक्तूबर को जाटो चौराहा पिकेट प्वाइंट से सटी दुकान से साढ़े तीन लाख की चोरी।
- 14 नवंबर को पॉश बल्लभ नगर कॉलोनी में गन्ना विकास परिषद अध्यक्ष के बंद मकान से 17 लाख की चोरी।
- 21 नवंबर को सुनहरी मस्जिद चौराहा पिकेट प्वाइंट से दुकान में चोरी।
- 30 दिसंबर की रात सुनगढ़ी क्षेत्र में तीन दुकानों के ताले तोड़कर चोरी।