पांच घायल, पथराव से गाड़ियां क्षतिग्रस्त
न्यूरिया क्षेत्र के भिंडारा गांव में सितारगंज से आई थी बारात
मझोला/ पीलीभीत। भिंडारा गांव में डांस करते वक्त नशे में धुत बाराती मंगलवार रात साढ़े 11 बजे आपस में भिड़ गए। गाली गलौज से शुरू हुए विवाद में कुछ ही देर में पथराव कर गाड़ियों को तोड़ दिया गया। तलवारबाजी से पांच लोग घायल हो गए। अफरातफरी के बीच सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सख्ती कर मामला शांत कराया।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के भिंडारा गांव में मंगलवार रात उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के सितारगंज से बारात आई थी। घर के बाहर ही टेंट लगाकर वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न कराया जा रहा था। देर रात साढ़े 11 बजे डांस करते वक्त नशे की हालत में बारातियों के दो गु्ट आपस में झगड़ गए। गाली गलौज से विवाद की शुरूआत हुई और कुछ ही देर में मामला वर्चस्व की लड़ाई में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव कर दिया। मौके पर मौजदू गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। इसके बाद भी बवाल यहीं शांत नहीं हुआ। तलवार से दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमलाकर दिया। जिसमें सितारगंज निवासी बूटा सिंह सिद्धू सिंह, रमना सिंह, गुरसेवक समेत पांच लोग घायल हो गए। बारात में पथराव और तलवार बाजी होता देख भगदड़ मच गई। गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी। कुछ ही देर में न्यूरिया चौकी इंचार्ज नरेश चंद्र, यूपी 100 के साथ मौके पर पहुंच गए। सख्ती कर झगड़ा कर रहे बारातियों को शांत कराया गया। पुलिस ने चार बारातियों को हिरासत में लेकर थाना न्यूरिया ले गई। जहां देर रात तक दोनों पक्षों को छुड़ाने के लिए भीड़ लगी रही। एसएचओ जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि नशे में बाराती आपस में झगड़ गए थे। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर मेडिकल कराया। बाद में दोनों पक्षों ने सुलह कर कार्रवाई से इंकार कर दिया है। जिस कारण कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।