पीलीभीत। एक महिला की कुछ लोगों ने घर में घुसकर पिटाई कर दी। परिजनों ने बीच बचाव करने का प्रयास किया तो उनसे भी अभद्रता की गई। सुनगढ़ी पुलिस ने तहरीर मिलने पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा है।
राजीव कॉलोनी निवासी कलावती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कॉलोनी के ही राधेश्याम ने लोहे का खंभा रास्ते में लगा दिया है। इससे उनका निकास बाधित हो रहा है। कई दिन से इस बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच अनबन चल रही है। इस बीच कॉलोनी के एक अन्य व्यक्ति ने शिकायत की तो पुलिस ने लोहे का खंभा हटवा दिया। राधेश्याम को शक था कि पुलिस से कलावती ने शिकायत की है। इसी खुन्नस में रविवार शाम उसने कुछ लोगों के साथ घर में घुसकर कलावती की पिटाई कर दी। इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी राधेश्याम, वीरेंद्र, राजेंद्र, हरिशंकर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।