खेकड़ा (बागपत)।
क्षेत्र के ग्राम सलावतपुर खेड़ी में बृहस्पतिवार को रंजिश के चलते एक ग्रामीण को तेजाब डालकर झुलसा कर दिया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद ग्रामीण को दिल्ली रेफर किया।
थाना क्षेत्र के ग्राम सलावतपुर खेड़ी में बृहस्पतिवार को 55 वर्षीय ग्रामीण विनय पाल अपने घर की ओर आ रहा था। तभी गांव के ही एक व्यक्ति ने उसके ऊपर तेजाब फेंक दिया। इससे विनय पाल बुरी तरह झुलस गया। तेजाब फेंक कर आरोपी ग्रामीण भाग गया। इसकी सूचना मिलते ही गांव में अफरा तफरी मच गई। किसी ने फोन कर थाना पुलिस को वारदात की सूचना दे दी।
ग्रामीण पर तेजाब फेंकने की सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंची और विनय पाल को सीएचसी खेकड़ा में भर्ती कराया। वहां उपचार के बाद हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों द्वारा रैफर करने पर परिजनों ने विनय पाल को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार आरोपी व्यक्ति के परिवार की विनय पाल के परिवार से रंजिश चल रही है। पूर्व में भी उनके बीच मारपीट की घटना हो चुकी है। पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई है। थाना प्रभारी एसपी सिंह ने कहा कि दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।