बागपत। डौलचा गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को भूखा रखकर मारने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस संबंध में मृतका के भाई ने ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दी।
मेरठ जनपद के मोहिउद्दीनपुर निवासी दिनेश शर्मा पुत्र स्वर्गीय वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि बहन पारूल शर्मा की शादी 28 दिसंबर 2014 को बालैनी थाना क्षेत्र के डौलचा गांव निवासी गुणदत्त पुत्र श्याम सिंह के साथ की । शादी के बाद से ही ससुराल दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे थे। कई बार उनकी मांग भी पूरी की, लेकिन वे नहीं माने। अब हाल में ससुराल वाले एक लाख रुपये और बाइक की मांग कर रहे हैं। पारूल ने दहेज लाने से मना कर दिया तो ससुराल वालों ने उसका खाना पीना बंद कर दिया। उसे कमरे में बंधक बनाकर रखने लगे।
बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे ससुराल वालों ने मोबाइल पर सूचना दी कि तुम्हारी बहन पारूल की मौत हो गई है। वह अपने परिजनों के साथ डौलचा गांव पहुंचा तो उसकी बहन के मुंह के झाग निकल रहे थे। उसका वजन भी मात्र 20 से 25 किलो ही रह गया था। उसके शव को चौक के बीच में डाल रखा था। इसको लेकर उन्होंने हंगामा किया। सूचना पर बालैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस संबंध में भाई ने पति, सास, जेठ, जेठानी समेत पांच के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बालैनी थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार बिष्ट ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को पता चलेगा।