बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
परिजनों की गैर मौजूदगी में की घटना, रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
हजारा (पीलीभीत)।
परिजनों की गैर मौजूदगी में घर पर सो रही नौ वर्षीय बच्ची से गांव के 40 वर्षीय व्यक्ति ने मंगलवार शाम दरिंदगी दिखाई। मौका पाकर वह बच्ची के कमरे में पहुंच गया और उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद डरा धमकाकर भाग गया। कुछ देर बाद जब परिजन घर आए तो बच्ची को रोते देख कारण पूछा, जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी हुई। घटना की तहरीर मिलने पर हजारा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेज दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। खास बात रही कि जिस आरोपी ने दरिंदगी को अंजाम दिया, उसकी पत्नी घटना के समय दुष्कर्म पीड़िता के माता-पिता के साथ में जंगल किनारे लकड़ी बीनने गई हुई थी।
थाना हजारा क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि बताया कि वह खेती कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह पत्नी व गांव की एक महिला संग जंगल में लकड़ी लेने गए थे। उनकी दो पुत्रियां घर के बाहर खेल रही थीं। इस बीच गांव का निवासी राधेश्याम उसके घर आ पहुंचा। पहले मकान के बाहर सड़क पर खेल रही दोनों बच्चियों से पिता के बारे में जानकारी की। इसमें सभी के जंगल में गए होने का पता लगने के बाद वह मकान में भीतर चला गया। इसके बाद कमरे में सो रही नौ साल की पुत्री से दुष्कर्म किया और धमकी देकर चला गया। कुछ देर बाद परिजन जंगल से लकड़ी लेकर घर पहुंचे। यहां बच्ची रोती बिलखती हालत में मिली। जानकारी करने पर आरोपी की दरिंदगी का पता लगा। जिसके बाद पिता बच्ची को लेकर थाना हजारा पहुंचे और तहरीर दी। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ पूूरनपुर कमल सिंह भी गांव पहुंचे और मौका मुआयना किया। परिजनों से बातचीत कर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष अजय चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी राधेश्याम के खिलाफ घर में घुसकर दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दुष्कर्म पीड़िता चार बहनें और एक भाई है। वह कक्षा तीन की छात्रा है।